जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार

My City

प्रेस विज्ञप्ति

समस्तीपुर, दिनांक 29 मई 2026

जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए आम नागरिकों द्वारा अपनी समस्याओं एवं परिवादों को जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे गंभीरतापूर्वक सुना गया।

जनता दरबार में मुख्य रूप से राजस्व, पेंशन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा योजना तथा अन्य विभागों से संबंधित मामले प्राप्त हुए। जिलाधिकारी द्वारा सभी मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण को त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी परिवादों का गंभीरता से निष्पादन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से राहत प्रदान करने का निर्देश दिया गया।

जनता दरबार के दौरान अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।